मनोरंजन

अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी, बॉम्बे हाईकोर्ट, BSE और वर्ली रेसकोर्स भी निशाने पर

एंटरटेनमेंट डेस्क,6 नवम्बर 2026

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मुंबई में हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ईमेल बॉम्बे हाईकोर्ट को भेजा गया है, जिसमें अभिनेता के बंगले के अलावा मुंबई के कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

बॉम्बे हाईकोर्ट को भेजा गया धमकी भरा ईमेल

जानकारी के मुताबिक, बॉम्बे हाईकोर्ट को मिले ईमेल में मुंबई की महत्वपूर्ण जगहों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। धमकी में अमिताभ बच्चन का जुहू स्थित बंगला जलसा, बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और वर्ली रेसकोर्स का नाम शामिल है।

ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां संभावित खतरे को देखते हुए सतर्कता बरत रही हैं। पुलिस ईमेल के स्रोत का पता लगाने और धमकी भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।

आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी मिल चुकी है धमकी

बॉलीवुड सितारों को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी धमकियां मिल चुकी हैं। आयुष्मान खुराना को धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी पेशे से आईटी इंजीनियर बताया गया था। वहीं, तुषार कपूर को मिली धमकी के मामले में भी पुलिस ने जांच की थी।

पहले भी बॉम्बे हाईकोर्ट को मिल चुकी है धमकी

बॉम्बे हाईकोर्ट को इससे पहले भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। सितंबर 2025 में धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ाई गई थी और सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।

पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी

ताजा धमकी के बाद मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ईमेल किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई वास्तविक सुरक्षा खतरा है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar