छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा से अमेरिका तक चमके गणेश कुमार कर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्नेहिल पत्र भेजकर प्रयासों को सराहा

रायपुर,6 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ की माटी से निकलकर अमेरिका में अपनी अलग पहचान बनाने वाले दंतेवाड़ा निवासी गणेश कुमार कर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्नेह भरा पत्र लिखकर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विदेश में रहते हुए भी छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा, परंपरा और विरासत को सहेजने तथा प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने के उनके प्रयासों की सराहना की है। मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत पत्र मिलने पर गणेश कुमार कर ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर आभार जताया।

सात समंदर पार भी अपनी माटी से अटूट लगाव

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने पत्र में कहा कि दंतेवाड़ा से अमेरिका तक गणेश कुमार कर की यात्रा प्रेरणादायक है। विदेश में व्यस्त जीवन के बावजूद अपनी जन्मभूमि, भाषा, संस्कृति और परंपराओं के प्रति उनका जुड़ाव छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति गहरे अपनत्व को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े रहकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

NACHA और स्वदेशी मेला से छत्तीसगढ़ी संस्कृति को वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) के माध्यम से विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने के गणेश कुमार कर के प्रयासों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि विदेश में अपनी बोली सुनना, तीज-त्योहार सामूहिक रूप से मनाना और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को अपनी मातृभूमि से जोड़े रखता है।

मुख्यमंत्री ने गणेश कुमार कर द्वारा आयोजित ‘स्वदेशी मेला’ की पहल को भी सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों, कला, संस्कृति और परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने का यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र ‘विकास भी, विरासत भी’ को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।

‘उड़ान’ पहल से विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा में मदद

मुख्यमंत्री श्री साय ने गणेश कुमार कर की ‘उड़ान’ पहल की भी प्रशंसा की। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा और छात्रवृत्ति के लिए किए जा रहे प्रयास सामाजिक संवेदनशीलता और अपनी मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सफलता हासिल करने के साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करना समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल है।

विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के संकल्प में प्रवासियों की होगी अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में विकसित भारत 2047 और विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ियों का अनुभव, ज्ञान और अपनी मातृभूमि के प्रति लगाव प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने गणेश कुमार कर से विदेशों में निवासरत सभी प्रवासी छत्तीसगढ़ियों तक राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं पहुंचाने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की सहभागिता विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को और मजबूत करेगी।

मुख्यमंत्री का पत्र पाकर गणेश कुमार कर ने जताया आभार

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का पत्र प्राप्त होने पर गणेश कुमार कर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो संदेश साझा कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने वीडियो में मुख्यमंत्री का पत्र भी प्रदर्शित किया।

उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा जैसे आदिवासी बहुल वनांचल जिले से निकलकर अमेरिका में अपनी पहचान बनाने वाले गणेश कुमार कर आज भी अपनी जन्मभूमि और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े हुए हैं। प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को संगठित करने, भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग के उनके प्रयास जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की यह पहल विदेशों में निवासरत छत्तीसगढ़ियों के प्रति राज्य सरकार के आत्मीय जुड़ाव को दर्शाती है। साथ ही यह संदेश देती है कि दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाला छत्तीसगढ़िया प्रदेश की अस्मिता, गौरव और विकास यात्रा का महत्वपूर्ण सहभागी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar