छत्तीसगढ़जगदलपुर

जगदलपुर नगर निगम की एमआईसी बैठक में बड़े फैसले, सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों के प्रस्तावों पर हुई चर्चा

जगदलपुर,29 अक्टूबर 2026

नगर पालिका निगम जगदलपुर में गुरुवार को महापौर संजय पांडे एवं निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन की उपस्थिति में मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, सड़क चौड़ीकरण और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

दलपत सागर रोड पर मलबा डालने वालों पर लगेगा जुर्माना

बैठक में दलपत सागर रोड पर मलबा डालकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। ऐसे लोगों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है। साथ ही, मलबा डालने वालों की सूचना नगर निगम को देने वाले नागरिकों को पुरस्कृत करने का भी निर्णय लिया गया। इस पहल का उद्देश्य शहर की स्वच्छता बनाए रखना और सार्वजनिक स्थानों पर मलबा डालने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है।

कई सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्तावों पर चर्चा

बैठक में नगरोत्थान योजना के अंतर्गत शहर के विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें लाल चर्च से नगर निगम कार्यालय एवं बस स्टैंड रोड तक, नयामुंडा रोड से साकेत कॉलोनी तक, डीजे कोर्ट से चांदनी चौक होते हुए सिटी ग्राउंड तक तथा छत्रपति शिवाजी वार्ड में पुराने पंचायत कार्यालय से डॉक्टर पाढ़ी हाउस तक सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव शामिल हैं।

इसके अलावा माता गुड्डी से एमपीएम हॉस्पिटल तक सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इन कार्यों के लिए शासन से स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया पर विचार किया गया।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना पर विचार

बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को शासन के पास भेजने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही शहर के सभी वार्डों में नाली, सड़क, पुलिया, सामुदायिक भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने पर भी चर्चा की गई।

सफाई व्यवस्था के लिए खरीदे जाएंगे पांच मिनी टिप्पर

नगर निगम की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत पांच मिनी टिप्पर वाहनों की खरीदी के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। बैठक में राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदन पत्रों की स्वीकृति से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में ये रहे उपस्थित

एमआईसी की बैठक में सदस्य निर्मल पानीग्राही, लक्ष्मण झा, सुरेश गुप्ता, राणा घोष, श्वेता बघेल, त्रिवेणी रंधारी, कलावती कसेर, योगेंद्र पांडे, संग्राम सिंह राणा और संजय विश्वकर्मा सहित निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar