छत्तीसगढ़

बालोद में नशीली टैबलेट के अवैध कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 लाख की 1,500 गोलियों के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

बालोद,29 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 1,500 नशीली टैबलेट के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गोलियों की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान नकदी, बाइक, स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, जिले में नशीले पदार्थों और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर को बालोद थाने में पदस्थ निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा को मुखबिर से सूचना मिली कि तांदुला नदी किनारे रामघाट मंदिर के पास कुछ लोग दोपहिया वाहनों में नशीली दवाइयां लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।

1,500 नशीली टैबलेट बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन चावला, आशीष निर्मलकर और किशन बहादुर उर्फ नेपाली के रूप में की है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) की 1,500 टैबलेट बरामद की गईं। इनकी कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।

इसके अलावा पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नकदी, बाइक, स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशीली गोलियां ओडिशा के भुवनेश्वर से लेकर आ रहे थे।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में बालोद थाने में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, 1985 की धारा 22(ग) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब जब्त सामग्री और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही नशीली दवाओं की आपूर्ति और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar