छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर दशहरे में रथ खींचते समय दर्दनाक हादसा, एक ग्रामीण की मौत; दूसरे का पैर कटा

जगदलपुर, 22 अक्टूबर। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरे की भीतर रैनी रस्म के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। पारंपरिक रथ खींचने के दौरान दो ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे का पैर कट गया। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीतर रैनी रस्म के तहत पारंपरिक रथ खींचने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान अचानक हुए हादसे में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल को तत्काल उपचार के लिए महारानी अस्पताल ले जाया गया।

सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद ने घायल युवक का पैर कटने की पुष्टि की है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

बस्तर दशहरा अपनी अनूठी जनजातीय परंपराओं, आस्था और सामूहिक सहभागिता के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। ऐसे में इस प्रमुख पारंपरिक रस्म के दौरान हुए दर्दनाक हादसे से दशहरा आयोजन में शामिल लोगों के बीच शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar