छत्तीसगढ़दंतेवाड़ाबस्तर संभाग

दंतेवाड़ा में भव्य सेवा ज्योति यात्रा, महेश कश्यप ने विकसित भारत का संकल्प जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान

दंतेवाड़ा,7 अक्टूबर 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर जिले में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर, मेंढका डोबरा से मशाल प्रज्ज्वलित कर शुरू हुई यात्रा स्टेट बैंक चौक तक निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मां दंतेश्वरी की पावन धरा से सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान विभिन्न जनसेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

महेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने कठिन संघर्षों के बीच राष्ट्रसेवा को अपना जीवन समर्पित किया। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक उन्होंने सेवा, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही पूरा होगा। इस दौरान मां दंतेश्वरी की पावन भूमि से प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बस्तर और दंतेवाड़ा के युवा, किसान, श्रमिक और नागरिक इस संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान दंतेवाड़ा में इसी स्थल पर ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ के निर्माण की घोषणा भी की गई। सेवा चौक का उद्देश्य सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को स्थायी रूप से जनमानस से जोड़ना है।

सेवा ज्योति यात्रा के दौरान सेवा ज्योति रथ को मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर, मेंढका डोबरा से रवाना किया गया। मशाल प्रज्ज्वलित कर शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेट बैंक चौक पहुंची। यात्रा में शामिल नागरिकों ने उत्साह के साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प को दोहराया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar