छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की वापसी के लिए बस्तर पहुंचे सुखदेव भगत, तीन जिलों में संगठन की मजबूती पर बनाएंगे रणनीति

बस्तर,6 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 7 से 9 अक्टूबर तक बस्तर संभाग के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कांकेर, जगदलपुर और दंतेवाड़ा में स्थानीय नेताओं, जनप्रतिनिधियों और जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और पार्टी के खोए जनाधार को वापस हासिल करने की रणनीति तैयार करना है। बस्तर संभाग को छत्तीसगढ़ की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जाता है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने संभाग की 12 में से 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि 2023 के चुनाव में पार्टी केवल चार सीटों तक सिमट गई।
सुखदेव भगत अपने प्रवास के दौरान स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं और जनता के बीच सरकार के प्रति असंतोष से जुड़े विषयों पर फीडबैक लेंगे। दंतेवाड़ा में वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत भी पूरे दौरे में उनके साथ मौजूद रहेंगे।
इस दौरे को प्रदेश कांग्रेस संगठन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल पूरा हो चुका है और वे स्वयं बस्तर से आते हैं। ऐसे में प्रदेश प्रभारी के दौरे के दौरान संगठन की जमीनी पकड़ और नेतृत्व के प्रभाव का आकलन किए जाने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में तेज हैं।




