
रायपुर, 25 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए टीम चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 28 और 29 सितंबर को रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में दो दिवसीय चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। ट्रायल सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निर्धारित मानदंडों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। खिलाड़ियों के चयन के लिए होने वाले ट्रायल के सुचारू संचालन, आवश्यक समन्वय और तकनीकी सहायता के लिए विभाग ने तीन अधिकारियों की टीम गठित की है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने छत्तीसगढ़ हॉकी संघ को परिपत्र जारी कर चयन ट्रायल से जुड़ी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने ट्रायल शुरू होने से पहले चयन के मानदंड और पूरी प्रक्रिया का लिखित विवरण उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही चयनित 6 टीमों की सूची और चयन प्रक्रिया से संबंधित प्रतिवेदन खेल संचालनालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
चयन ट्रायल की तकनीकी और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं के लिए विभाग ने खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, रायपुर की वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का और बिलासपुर के वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो को जिम्मेदारी सौंपी है।
21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होगी हॉकी लीग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में 6 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।
इन टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन 28-29 सितंबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में किया जाएगा। इसके बाद छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।




