छत्तीसगढ़

सहकारी बैंकों में 1,360 पदों पर होगी भर्ती, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

रायपुर,4 सितम्बर 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की पहल से प्रदेश की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1,360 पदों पर भर्ती की अनुमति दी गई है।

प्रदेश के पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्रों और उनसे संबद्ध प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में होने वाली इस भर्ती में 198 बैंक कर्मचारी और 1,162 समिति प्रबंधक शामिल हैं। समिति प्रबंधक के 596 पद सीधी भर्ती और 566 पद सीमित चयन के माध्यम से भरे जाएंगे।

क्षेत्रवार सबसे अधिक रायपुर में 508 पद और बिलासपुर में 444 पद पर भर्ती होगी। इसके अलावा बस्तर-जगदलपुर में 187, दुर्ग-राजनांदगांव में 154 और रायगढ़ में 67 पद स्वीकृत किए गए हैं।

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इस भर्ती से प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और सहकारी बैंकों तथा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। कर्मचारियों की नियुक्ति से किसानों और खाताधारकों को बैंकिंग सेवाएं अधिक सरल एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

स्वीकृत बैंक पदों में उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक जैसे पद शामिल हैं। वहीं समिति प्रबंधकों की नियुक्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी समितियों के दैनिक संचालन, वित्तीय प्रबंधन और योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलेगी।

भर्ती प्रक्रिया कर्मचारी सेवा नियम-2023, आरक्षण प्रावधानों और निर्धारित वित्तीय मानदंडों के अनुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन विशेष अनुमति याचिका के अंतिम आदेश के अधीन रहेगी।

सरकार के इस निर्णय से सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों से जुड़ी बैंकिंग सेवाओं को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar