छत्तीसगढ़देश-विदेश

नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन के बीच रायपुर की मोनिका यादव लापता, छत्तीसगढ़ सरकार ने तेज किए राहत प्रयास

रायपुर, 27 अगस्त 2026

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन की आपदा के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां मौजूद प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्परता से कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार प्रदेश के सभी जिलों से नेपाल गए नागरिकों की जानकारी एकत्रित कर स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है।

रायपुर की मोनिका यादव लापता, तलाश जारी

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, रायपुर जिले के महादेव घाट, थाना डी.डी. नगर की निवासी सुश्री मोनिका यादव के नेपाल में बाढ़ के बाद से लापता होने की सूचना मिली है। बताया गया है कि वे 22 अगस्त 2026 से नेपाल प्रवास पर थीं और वर्तमान में उनका अपने परिजनों से संपर्क टूट गया है

राज्य सरकार संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर मोनिका यादव की सुरक्षित खोजबीन के प्रयास कर रही है। सरकार नेपाल में उत्पन्न आपदा की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

परिजनों से सहयोग की अपील

संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। सरकार ने कहा है कि नेपाल गए या वहां रह रहे छत्तीसगढ़ के नागरिकों के संबंध में यदि किसी के पास कोई जानकारी हो तो उसे तत्काल प्रशासन के साथ साझा करें।

सहायता और सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

नेपाल आपदा से प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं—

टोल फ्री नंबर: 1070
कंट्रोल रूम नंबर: 0771-2223471

छत्तीसगढ़ सरकार ने आश्वस्त किया है कि वह प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों की मदद के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों के संबंध में लगातार जानकारी जुटा रही है और उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar