छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

कांकेर के नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने संभाला पदभार, योजनाओं के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना होगी प्राथमिकता

उत्तर बस्तर कांकेर,20 अगस्त 2026

भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कुंदन कुमार (आईएएस-2014 बैच) ने गुरुवार को कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।

नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए कांकेर जिले को अग्रणी बनाने की दिशा में सभी अधिकारी और कर्मचारी टीम वर्क, आपसी समन्वय और सामंजस्य के साथ कार्य करें।

भानुप्रतापपुर से शुरू किया था प्रशासनिक सफर

कुंदन कुमार को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित होने के बाद उन्होंने वर्ष 2016-17 में कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर अनुभाग में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। इसके बाद वे वर्ष 2017 से 2019 तक कवर्धा जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और शुगर मिल के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत रहे।

इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत दुर्ग और जिला पंचायत कोरबा के सीईओ के रूप में भी जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2021-22 में बलरामपुर जिले के कलेक्टर और 2022-23 में अंबिकापुर के कलेक्टर के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दीं।

नगरीय प्रशासन से लेकर मुंगेली कलेक्टर तक संभाली कई जिम्मेदारियां

अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान कुंदन कुमार संचालक नगरीय प्रशासन, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल और नया रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे।

अप्रैल 2025 से 19 अगस्त 2026 तक वे मुंगेली जिले के कलेक्टर रहे। अब उन्होंने उत्तर बस्तर कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल ली है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar