छत्तीसगढ़बस्तर

बस्तर थाने में सम्मान समारोह: नवपदस्थ थाना प्रभारी संतोष सिंह का स्वागत, सुरेश जांगड़े को भावभीनी विदाई

राजनांदगांव तबादले पर पूर्व थाना प्रभारी को सम्मानित किया गया, नवप्रभारी ने कानून व्यवस्था और जनसहयोग को बताया प्राथमिकता।

बस्तर, 04 अगस्त।

बस्तर थाना परिसर में सोमवार को नवपदस्थ थाना प्रभारी संतोष सिंह के स्वागत एवं पूर्व थाना प्रभारी सुरेश कुमार जांगड़े की विदाई के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। थाना स्टाफ ने दोनों अधिकारियों का श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। समारोह का माहौल आत्मीयता और सम्मान से भरा रहा।

गौरतलब है कि पूर्व थाना प्रभारी सुरेश कुमार जांगड़े का तबादला बस्तर जिले से राजनांदगांव जिले में हुआ है। विदाई समारोह में उन्होंने बस्तर संभाग में अपने करीब दस वर्षों के सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उनकी पहली पदस्थापना वर्ष 2016 में सुकमा जिले में हुई थी। वर्ष 2018 में आउट ऑफ टर्न प्रमोशन के बाद वे निरीक्षक बने और दोरनापाल थाना प्रभारी के रूप में चार वर्षों तक सेवाएं दीं। इसके बाद बस्तर जिले में पदस्थ रहते हुए उन्होंने थाना प्रभार के साथ-साथ जिले में अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारियों का भी निर्वहन किया।

उन्होंने कहा कि बस्तर थाना क्षेत्र शांतिप्रिय है और यहां का थाना स्टाफ हमेशा सहयोगी रहा। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर थाना प्रभारी अपनी अलग कार्यशैली के साथ जनता की सेवा करता है।

वहीं नवपदस्थ थाना प्रभारी संतोष सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम जनता और थाना स्टाफ के सहयोग से शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखा जाएगा तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

समारोह के दौरान थाना स्टाफ ने पूर्व थाना प्रभारी सुरेश जांगड़े की कार्यशैली, अपराध नियंत्रण में उनकी भूमिका तथा जनता के साथ बेहतर समन्वय की सराहना की। इस अवसर पर एएसआई चतुर राम बघेल, प्रधान आरक्षक ओंकारनाथ पात्र, कृष्णा मरावी, पालेश्वर कल्लो, चौहादास गेंदले, उमेश चंदेल, पी. केसपोटा, भानुप्रताप ठाकुर, क्षमा साहू, महेंद्र नेताम, निरंजन वैद्य सहित थाना के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

फिलहाल बस्तर थाना में नई जिम्मेदारी संभाल चुके थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बेहतर पुलिसिंग, जनसहयोग और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण का भरोसा दिलाया है। वहीं पूर्व थाना प्रभारी सुरेश कुमार जांगड़े को उनके योगदान के लिए सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए थाना परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar