छत्तीसगढ़

करपावंड पुलिस ने स्कूली बच्चों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर, ऑनलाइन ठगी और नशे से बचने किया जागरूक

करपावंड,20 अगस्त 2026

बस्तर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जन-जागरूकता अभियान के तहत थाना करपावंड की टीम ने मंगनार स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता पाठशाला आयोजित की। इस दौरान बच्चों को साइबर ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा के निर्देश पर, एसडीओपी प्रवीण भारती के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी करपावंड दिलबाग सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता सहायक उप निरीक्षक टिंगाली कश्यप ने बच्चों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आजकल साइबर ठग खुद को बैंक मैनेजर, कस्टमर केयर अधिकारी या रिश्तेदार बताकर लोगों को ठगने का प्रयास करते हैं। कई बार लॉटरी लगने, इनाम जीतने या बैंक खाता बंद होने का डर दिखाकर OTP, UPI PIN और आधार जैसी गोपनीय जानकारी मांगी जाती है।

बच्चों को समझाइश दी गई कि वे किसी भी अनजान कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें और मोबाइल पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। किसी व्यक्ति द्वारा पैसे भेजने या जानकारी साझा करने का दबाव बनाए जाने पर तुरंत शिक्षक, माता-पिता या 1930 साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई।

सोशल मीडिया और यातायात नियमों की भी दी जानकारी

एएसआई टिंगाली कश्यप ने बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अपनी फोटो, लोकेशन और स्कूल से जुड़ी निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। साथ ही अनजान आईडी से दोस्ती नहीं करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में बच्चों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने कहा कि नशे की लत जीवन को बर्बाद कर सकती है और इसकी शुरुआत अक्सर बुरी संगत से होती है।

अंत में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। बच्चों को हेलमेट लगाने, ट्रिपल राइडिंग से बचने और बाइक चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सीख दी गई।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar