छत्तीसगढ़बिलासपुर संभाग

मवेशी तस्करी गिरोह का भंडाफोड़: 15 भैंसों के साथ 5 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 3 पिकअप वाहन जब्त

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 भैंसों को मुक्त कराया है, जिन्हें अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 3 पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक जब्त मवेशियों की कीमत करीब 2.25 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि तीनों वाहनों की कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भैंसों को तस्करी कर ओडिशा के बूचड़खानों तक पहुंचाने की फिराक में थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश ऐडजा, राजेश मांझी, निरंजन कोलारी, रूपेश कुमार और प्रकाश राणा के रूप में हुई है। सभी आरोपी ओडिशा के बरगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिवहन अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मवेशी तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar