छत्तीसगढ़

कांवड़ यात्रा के दौरान महिला पर फेंका बैटरी का एसिड, दो बच्चे भी घायल; आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग,19 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करंजा भिलाई क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान एक महिला पर बैटरी में इस्तेमाल होने वाला एसिड फेंक दिया गया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के दौरान दो बच्चे भी घायल हुए हैं। मामले में नंदिनी नगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बातचीत बंद करने से नाराज था आरोपी

जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय महिला और आरोपी महेश दास बैरागी एक ही कंपनी में काम करते थे। करीब छह महीने पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने नौकरी छोड़ दी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि महिला ने कुछ समय से उससे बातचीत बंद कर दी थी, जिससे वह नाराज था।

सोमवार को महिला कुछ ग्रामीणों के साथ कांवड़ यात्रा में ग्राम कोडिया पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर महिला को निशाना बनाते हुए एसिड फेंक दिया।

बैटरी से निकालकर लाया था एसिड

पुलिस के अनुसार, आरोपी महेश दास ने बैटरी से एसिड निकालकर टिन के डिब्बे में रखा और उसे लेकर अरसनारा पहुंचा। वहां उसने महिला के शरीर पर एसिड डालने की कोशिश की। इस हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई, जबकि पास मौजूद दो बच्चे भी एसिड की चपेट में आकर घायल हुए।

घटना के बाद महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद नंदिनी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी घटना के बाद ग्राम करंजा भिलाई में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महेश दास बैरागी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar