
कांकेर, 11 अगस्त 2026
उप मुख्यमंत्री तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने मंगलवार को तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर मेलाभाठा के समीप नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। उन्होंने फुटबॉल को किक कर गोल दागते हुए खेल मैदान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की स्वाधीनता, आत्मनिर्भरता और महान क्रांतिकारियों के अमर बलिदानों का प्रतीक है। वीर शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को वर्षों की गुलामी से आजादी दिलाई। उनकी शहादत और सपनों को संजोकर रखने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी की है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश को आत्मनिर्भर, विश्व गुरु और समृद्ध राष्ट्र बनाने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। कांकेर में निर्मित मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं और युवाओं को बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा।
श्री साव ने हाल ही में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांकेर जिले की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में यह मिनी स्टेडियम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधायक श्री आशाराम नेताम ने नगरवासियों को बधाई देते हुए खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और कांकेर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी और नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक ने भी नवनिर्मित खेल परिसर को कांकेर शहर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
7 करोड़ की लागत से मिनी स्टेडियम, 2.40 करोड़ से इनडोर हॉल
कांकेर में लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम और 2.40 करोड़ रुपए की लागत से बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का निर्माण किया गया है। मिनी स्टेडियम में फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक और विभिन्न खेलों के नेट प्रैक्टिस की सुविधा उपलब्ध है।
वहीं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल में बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस और कुश्ती सहित विभिन्न इंडोर खेलों के अभ्यास की सुविधा दी गई है। परिसर में आउटडोर जिम भी बनाया गया है। इन सुविधाओं से नगरवासियों और खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक खेल मैदान एवं तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक आशाराम नेताम ने मिनी स्टेडियम एवं इनडोर हॉल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नारियल के पौधे लगाए। अन्य अतिथियों ने भी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया।




