
जगदलपुर, 8 अगस्त 2026
बस्तर में देशभक्ति के रंग में रंगेगा जन-जन
बस्तर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ को जन-उत्सव के रूप में मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिले में 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम’ विशेष कार्यक्रम तथा 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा।
तिरंगा यात्राओं और रैलियों में शामिल होंगे युवा और महिलाएं
अभियान के दौरान जिले के सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्राएं, बाइक रैलियां और साइकिल रैलियां निकाली जाएंगी। इनकी शुरुआत सामूहिक ‘वंदे मातरम’ गायन से होगी।
रैलियों में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं, स्व-सहायता समूह, पुलिस बल, NCC और NSS कैडेट्स सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं और नागरिकों में फिटनेस एवं देशभक्ति का संदेश देने के लिए तिरंगा मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा।
विशाल तिरंगा रंगोली और तिरंगा कैनवास बनेंगे आकर्षण
अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और स्व-सहायता समूहों के सहयोग से ‘वंदे मातरम’ थीम पर विशाल तिरंगा रंगोलियां बनाई जाएंगी।
इसके साथ ही 3:2 के अनुपात में ‘तिरंगा कैनवास’ स्थापित किए जाएंगे। इन कैनवास पर आम नागरिक अपनी भाषा में ‘जय हिंद’ या ‘हर घर तिरंगा’ लिखकर अपने देशभक्ति के भाव व्यक्त कर सकेंगे।
तिरंगा मेलों से स्थानीय कारीगरों को मिलेगा बढ़ावा
स्थानीय अर्थव्यवस्था और कारीगरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले में तिरंगा मेलों का आयोजन किया जाएगा। इनमें तिरंगे, वस्त्र और हस्तशिल्प उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे।
डिजिटल माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर ‘तिरंगा सेल्फी पॉइंट’ भी बनाए जा रहे हैं। यहां नागरिक अपनी तस्वीरें harghartiranga.com के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस
अभियान के तहत 14 अगस्त को ‘विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ के रूप में संवेदनशीलता के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम स्थलों की सजावट में सफेद फूलों और सफेद रंग का उपयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी जाएगी और शाम को मौन कैंडल मार्च निकाला जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों में विभाजन की त्रासदी से संबंधित विशेष प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से की तिरंगा फहराने की अपील
कलेक्टर आकाश छिकारा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित करने का आग्रह किया है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों में गौरव के साथ तिरंगा फहराएं और इस राष्ट्रीय पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं।




