छत्तीसगढ़जगदलपुर

जगदलपुर में स्टेशनरी दुकान में भीषण आग, JCB से सामने का हिस्सा तोड़कर पाया गया काबू


जगदलपुर,5 अगस्त 2026

शहर के धरमपुरा स्थित अनुपम टॉकीज के सामने मौजूद सूरज मार्केटिंग नामक स्टेशनरी दुकान में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग की लपटें और घना काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर बाहर निकल आए और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। दुकान के भीतर रखा स्टेशनरी का सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री आग में जलकर खाक हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता और घने धुएं के कारण दमकल कर्मियों को भीतर पहुंचने में काफी कठिनाई हुई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत दल ने JCB मशीन की मदद से भवन का सामने का हिस्सा तोड़ दिया, जिससे दमकल कर्मी अंदर तक पानी की बौछार पहुंचा सके। दो दमकल वाहनों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि, तब तक दुकान का अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar