‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्यशाला में बच्चों ने सीखी कार्टून और कैरिकेचर की कला, वनमंत्री केदार कश्यप बोले- कला अभिव्यक्ति का बड़ा माध्यम

रायपुर, 3 अगस्त 2026
बस्तर की सकारात्मक पहचान, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को रचनात्मक कला के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से जगदलपुर में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया गया। जनसंपर्क विभाग के सहयोग से ‘कार्टून वॉच’ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 10 विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि कला के माध्यम से अभिव्यक्ति एक बड़ा हुनर है। उन्होंने कहा कि कार्टून और कैरिकेचर केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और विकास के सकारात्मक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सशक्त कला है।
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने लाइव डेमो के माध्यम से विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर बनाने की तकनीकें सिखाईं। उन्होंने कला के सामाजिक महत्व, रचनात्मक संभावनाओं और इससे जुड़े रोजगार के अवसरों की भी जानकारी दी।
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने भी कार्यशाला में पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान महापौर संजय पांडेय, एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बताया गया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर विकास, विश्वास और नई संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है। चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा और जनजातीय संस्कृति जैसी धरोहरों को कार्टून कला के माध्यम से रचनात्मक रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता से नए बस्तर के विकास, खुशहाली और बदलते स्वरूप को कैनवास पर उकेरा। ‘कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच विकसित करना और बस्तर की सकारात्मक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के अंत में शुभम जिंदे ने वनमंत्री केदार कश्यप और महापौर संजय पांडेय का कैरिकेचर बनाकर उन्हें भेंट किया। साथ ही विद्यार्थियों के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।




