
जगदलपुर,29 जुलाई 2026
बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने लोकसभा में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष बस्तर की रेल कनेक्टिविटी, नई ट्रेन सेवाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना, किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलखंड पर सुविधाओं के विस्तार तथा जगदलपुर रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से विकसित करने की योजना पर जानकारी मांगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने जवाब में बताया कि 140 किलोमीटर लंबी रावघाट-जगदलपुर नई रेल लाइन परियोजना को ₹3,513 करोड़ की लागत से स्वीकृति दी गई है। परियोजना के लिए आवश्यक 818 हेक्टेयर भूमि में से 249 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। जगदलपुर-पल्ली-कुरकानार खंड में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि रावघाट-कुरकानार खंड में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
रेल मंत्री ने बताया कि बस्तर क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई नई रेल लाइनों का सर्वेक्षण किया गया है। वर्तमान में जगदलपुर से 10 तथा दंतेवाड़ा और किरंदुल से 4-4 रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि नई ट्रेनों का संचालन परिचालन क्षमता और आवश्यकता के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जगदलपुर रेलवे स्टेशन का विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है। यहां नया स्टेशन भवन, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म उन्नयन, प्रतीक्षालय, शौचालय और प्लेटफॉर्म शेल्टर सहित कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि अन्य कार्य प्रगति पर हैं।
इस दौरान सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर में रेल नेटवर्क का विस्तार, नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत और आधुनिक यात्री सुविधाओं का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बस्तर की रेल अधोसंरचना को और मजबूत किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बेहतर रेल संपर्क और विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक कांग्रेस सरकारों ने बस्तर की रेल सुविधाओं की उपेक्षा की, जबकि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्षेत्र में रेल विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।




