पीएमश्री सेजेस बस्तर में शाला प्रबंधन समिति की पहली बैठक सम्पन्न, शैक्षिक सुधार के लिए 8 प्रस्ताव पारित

बस्तर, 29 जुलाई 2026
पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय (सेजेस) बस्तर में नवगठित शाला प्रबंधन समिति (SMC) की पहली बैठक अध्यक्ष किरण सेठिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने और समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष किरण सेठिया, उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार तिवारी तथा समिति के सभी सदस्यों को निर्वाचन की बधाई दी गई। अध्यक्ष ने विद्यालय को जिले का आदर्श विद्यालय बनाने का संकल्प व्यक्त करते हुए शिक्षकों और अभिभावकों से सक्रिय सहयोग की अपील की। वहीं उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार तिवारी ने संस्था के सर्वांगीण विकास और निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा परिणामों में सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के संरक्षक रामानंद मिश्रा ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत संरचना, 15 अगस्त कार्यक्रम, साइकिल वितरण, शिक्षकों के रिक्त पद, भृत्य की नियुक्ति, बालवाड़ी संचालन तथा विद्यालय अनुशासन सहित 8 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित करते हुए समिति ने अगले 6 माह में विद्यालय को जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों में अग्रणी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया।
बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी सुशील तिवारी, प्राचार्य पी.आर. लाउत्रे, प्रभारी प्राचार्य कुलेश्वर यादव, पार्षद समीर मिश्रा सहित शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक एवं पालकगण उपस्थित रहे।




