छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का कहर: बस्तर, मनेन्द्रगढ़ और दंतेवाड़ा में तीन की मौत, कई घंटे बाधित रहा यातायात

बस्तर,28 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बस्तर, मनेन्द्रगढ़ और दंतेवाड़ा में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसों के बाद संबंधित क्षेत्रों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बस्तर जिले के जगदलपुर-चित्रकोट मुख्य मार्ग पर बड़ांजी थाना क्षेत्र के छापर भानपुरी के पास तेज रफ्तार टिप्पर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार पीलाराम कश्यप (28) और जीरो कश्यप (31) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं मनेन्द्रगढ़ के कॉलेज रोड पर सड़क पार कर रही एक महिला पहले ओमनी कार की टक्कर से सड़क पर गिर गई। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहे विद्युत विभाग के वाहन ने महिला को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों वाहनों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।

इधर दंतेवाड़ा के सातधार-नकुलनार मार्ग पर मसेनार के पास देर रात NMDC का कन्वेयर बेल्ट लेकर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रेलर और भारी कन्वेयर बेल्ट सड़क पर गिरने से करीब डेढ़ से दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रेलर और बेल्ट हटाकर मार्ग को फिर से चालू कराया गया।

पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसों की प्रमुख वजह मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar