
रायपुर,27 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हासिल की गई यह सफलता केवल ज्ञानेश्वरी यादव की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों, को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने यह साबित किया है कि प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और निरंतर परिश्रम के बल पर वैश्विक मंच पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने, खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और आवश्यक प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ज्ञानेश्वरी यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाती रहेंगी तथा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।




