छत्तीसगढ़

अमृत भारत स्टेशन योजना: बालोद, सरोना और चांपा जंक्शन को मिला आधुनिक स्वरूप, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

रायपुर, 19 जुलाई 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई 2026 को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। यह योजना के अंतर्गत स्टेशनों के पुनर्विकास का दूसरा बड़ा राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इससे पहले 22 मई 2025 को 103 अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण किया गया था।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के बालोद, सरोना और चांपा जंक्शन सहित मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा, नैनपुर और बालाघाट स्टेशनों का भी आधुनिकीकरण किया गया है। इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है, जहां यात्रियों को बेहतर प्रतीक्षालय, सुगम पहुंच, आधुनिक सूचना प्रणाली और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध होगी।

करीब 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन स्टेशनों की विशेषता यह है कि इनके डिजाइन में स्थानीय संस्कृति, कला और क्षेत्रीय विरासत को प्रमुखता दी गई है। बालोद स्टेशन कृषि और बुनाई की परंपरा को दर्शाता है, चांपा जंक्शन क्षेत्रीय संपर्क और कृषि विरासत की पहचान को प्रदर्शित करता है, जबकि सरोना स्टेशन स्थानीय बुनाई परंपरा और बेहतर कनेक्टिविटी का प्रतीक है।

रेल मंत्रालय ने दिसंबर 2022 में अमृत भारत स्टेशन योजना की शुरुआत की थी। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित न रखकर उन्हें आधुनिक, सुविधाजनक और शहरों के प्रमुख ट्रांजिट केंद्रों के रूप में विकसित करना है।

अब तक इस योजना के तहत 261 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा हो चुका है, जबकि देशभर के 1,340 रेलवे स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। शेष स्टेशनों पर निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में जारी है।

योजना के तहत स्टेशनों पर आधुनिक स्टेशन भवन, विशाल प्रतीक्षालय, चौड़े फुटओवर ब्रिज, एयर कॉनकोर्स, बेहतर पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल रैंप एवं लिफ्ट, टैक्टाइल पाथ, डिजिटल साइनेज, यात्री सूचना प्रणाली, एग्जीक्यूटिव लाउंज और पर्यावरण अनुकूल डिज़ाइन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar