बैंकॉक में HNLU रायपुर की बड़ी उपलब्धि, 20 अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ ऐतिहासिक MoU पर हस्ताक्षर

रायपुर, 15 जुलाई 2026
हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (HNLU), रायपुर ने वैश्विक शिक्षा जगत में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाते हुए थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित AUAP-WURI Impact Summit 2026 के दौरान 20 अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ एक ऐतिहासिक बहुपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता उच्च शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और सतत विकास के क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करेगा।
9-10 जुलाई 2026 को आईकॉनसियाम कन्वेंशन सेंटर, बैंकॉक में आयोजित इस सम्मेलन की थीम “University Innovation Policy, System and Impact in Partnership with Government” रही। इसमें दुनिया भर के विश्वविद्यालयों के प्रमुख, नीति-निर्माता, नवाचार विशेषज्ञ और शिक्षाविद शामिल हुए।
सम्मेलन में HNLU का प्रतिनिधित्व करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानन्दन ने विश्वविद्यालय के अभिनव Research Hub and Spoke (R-HaS) Model पर आधारित केस स्टडी प्रस्तुत की। उन्होंने अंतर्विषयी अनुसंधान, बाह्य वित्तपोषित शोध परियोजनाओं और समाज-केंद्रित शोध के मॉडल को वैश्विक मंच पर रखा, जिसकी विशेषज्ञों ने सराहना की।
कुलपति ने कहा कि यह बहुपक्षीय MoU विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। सम्मेलन के दौरान AUAP के महासचिव प्रो. डॉ. अनूप स्वरूप और कार्यकारी सचिव डॉ. सुपापोर्न चुआंगचिद के साथ संयुक्त शोध परियोजनाओं, फैकल्टी और छात्र विनिमय कार्यक्रमों पर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
समझौते के तहत सभी 20 संस्थान मिलकर वैश्विक शोध परियोजनाएं, फैकल्टी, शोधार्थी और छात्र विनिमय कार्यक्रम, स्टार्टअप एवं नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र का विकास, तथा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, कार्यशालाएं और केस स्टडी तैयार करने पर सहयोग करेंगे।
AUAP (Association of Universities of Asia and the Pacific) एशिया-प्रशांत क्षेत्र का प्रमुख विश्वविद्यालय संगठन है, जबकि WURI (World University Rankings for Innovation) विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन सामाजिक प्रभाव, उद्योग सहयोग, उद्यमिता और नवाचार के आधार पर करता है। HNLU अपने R-HaS Model, अनुभवात्मक अधिगम और लोकनीति-उन्मुख अनुसंधान के माध्यम से वैश्विक स्तर पर लगातार पहचान बना रहा है।




