छत्तीसगढ़जगदलपुर

करपावंड सरपंच मामले में सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग की निष्पक्ष जांच की मांग, कहा- दोष सिद्ध होने से पहले किसी को अपराधी न ठहराएं

जगदलपुर, 14 जुलाई 2026

सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग, जिला बस्तर ने करपावंड ग्राम पंचायत के सरपंच से जुड़े मामले में प्रकाशित समाचारों पर अपना पक्ष रखते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों के आधार पर जांच कराने की मांग की है।

समाज की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुछ समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरें एकपक्षीय प्रतीत होती हैं। संगठन का कहना है कि न्यायालय द्वारा दोषी सिद्ध किए जाने से पहले किसी भी व्यक्ति को अपराधी घोषित करना उचित नहीं है।

संगठन ने कहा कि वह प्रशासन और न्यायपालिका का सम्मान करता है तथा चाहता है कि पूरे मामले की जांच बिना किसी राजनीतिक, प्रशासनिक या व्यक्तिगत दबाव के की जाए। विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि किसी आदिवासी जनप्रतिनिधि की छवि बिना पर्याप्त तथ्यों के धूमिल करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यदि सरपंच के खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। वहीं यदि मामले में गलत जानकारी या एकपक्षीय प्रस्तुति हुई है तो उसका सत्य भी जनता के सामने लाया जाना चाहिए।

सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग, जिला बस्तर ने कहा कि संगठन आदिवासी समाज के सम्मान, न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सत्य को सार्वजनिक करने और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न होने देने की मांग की है।

प्रेस विज्ञप्ति जिला अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप की ओर से जारी की गई है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar