तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बड़ी सौगात, धरमजयगढ़ के 46,840 हितग्राहियों के खातों में पहुंचने लगे 17.43 करोड़ रुपये बोनस

रायपुर, 10 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वर्ष 2023 के तेन्दूपत्ता संग्रहण के लिए प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का वितरण शुरू हो गया है। राज्य स्तरीय सहकारिता सप्ताह और अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत धरमजयगढ़ जिला वनोपज सहकारी यूनियन के संग्राहकों के बैंक खातों में 17.43 करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए जा रहे हैं।
धरमजयगढ़ जिला वनोपज सहकारी यूनियन की 58 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के माध्यम से बोनस का वितरण किया जा रहा है। वर्ष 2023 के संग्रहण सीजन में 70,945.485 मानक बोरा तेन्दूपत्ता संग्रहित किया गया था। इसके लिए 46,840 संग्राहकों को कुल 17.43 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन पारिश्रमिक दिया जा रहा है।
जिला यूनियन की प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति बोरो को सबसे अधिक 4,710.58 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से बोनस मिला है। वहीं प्राथमिक समिति रायमेर को 4,616.76 रुपये प्रति मानक बोरा का प्रोत्साहन पारिश्रमिक प्राप्त हुआ है।
वन विभाग द्वारा बोनस राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ऑनलाइन भेजी जा रही है। इससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और संग्राहकों को समय पर राशि मिल रही है। संग्राहकों ने बताया कि इस राशि का उपयोग वे खेती-किसानी, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में करेंगे। समय पर मिली आर्थिक सहायता से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।




