बस्तर संभाग की समीक्षा बैठक: कमिश्नर डोमन सिंह ने सातों जिलों के अधिकारियों संग की समीक्षा, नए आईजी बद्रीनारायण मीणा का हुआ स्वागत

जगदलपुर, 3 जुलाई 2026
बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभाग के सभी सात जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा वन मंडलाधिकारी शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत में निवर्तमान आईजी सुंदरराज पी. का सम्मान किया गया, वहीं नव पदस्थ आईजी बद्रीनारायण मीणा का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया। अधिकारियों ने सुंदरराज पी. के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की तथा नए आईजी को शुभकामनाएं दीं।
समीक्षा बैठक के दौरान सभी जिलों के अधिकारियों ने अपने-अपने जिले में संचालित नवाचारों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति तथा प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही जिलों की स्थानीय परिस्थितियों, उपलब्धियों और प्रमुख प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया।
कमिश्नर डोमन सिंह ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को बेहतर प्रशासनिक समन्वय और जनहितकारी कार्यों के माध्यम से धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय और बेहतर कार्य संस्कृति के जरिए बस्तर संभाग के समग्र विकास को नई गति देने के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य करें।




