400 केवी ट्रांसमिशन लाइन से प्रभावित किसानों को जल्द मिलेगा मुआवजा, सरपंच के नेतृत्व में SDM से मिले 60 किसान

बस्तर, 3 जुलाई 2026
जिले के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा और बेड़ाऊमरगांव के 60 किसान 400 केवी डी/सी जोपर ट्रांसमिशन लाइन निर्माण से प्रभावित निजी (राजस्व) भूमि के क्षतिपूर्ति मुआवजे की मांग को लेकर सरपंच संतोष कुमार कश्यप के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय बकावंड पहुंचे।
बताया गया कि किसानों की जमीन पर करीब एक वर्ष पहले ट्रांसमिशन लाइन के टावर स्थापित किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि नहीं मिली थी। इस समस्या को लेकर किसानों ने प्रशासन से जल्द भुगतान की मांग की।
किसानों की बात सुनने के बाद एसडीएम बकावंड ने आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर मुआवजा राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। प्रशासन के इस आश्वासन से किसानों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस दौरान मानसिंह कश्यप, जानी राम, गेनो बघेल, रविंद्र देवांगन, पांडेश्वर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




