जगदलपुरबस्तर संभाग

3 दिन से पानी बंद, फूटा लोगों का गुस्सा: नगर निगम के सामने वार्ड में जल संकट, बोले—‘आश्वासन नहीं, पानी चाहिए’

जगदलपुर, 26 जून 2026। नगर निगम के ठीक सामने स्थित गांधीनगर वार्ड क्रमांक 22 में पिछले तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच वार्डवासी एक-एक बूंद पानी के लिए परेशान हैं। लगातार पानी नहीं मिलने से लोगों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है।

वार्डवासियों ने बताया कि समस्या की जानकारी वार्ड पार्षद मनप्रीत कौर को दी गई थी। पार्षद ने नगर निगम आयुक्त को इसकी सूचना देकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

वार्ड पार्षद मनप्रीत कौर ने बताया कि वार्ड के तीन नलों के वाल्व में लीकेज है। इस संबंध में कई बार नगर निगम आयुक्त को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ। फिलहाल टैंकर के माध्यम से लोगों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जो पर्याप्त नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित वार्ड की यह स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। उनका आरोप है कि गर्मी के मौसम से ही वार्ड में पेयजल संकट बना हुआ है और आए दिन किसी न किसी कारण से पानी की सप्लाई बंद हो जाती है।

वार्डवासियों ने यह भी बताया कि पानी की सप्लाई का कोई तय समय नहीं है। कभी भी पानी छोड़ दिया जाता है और कुछ देर बाद बंद कर दिया जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त और लीकेज होने के कारण नालियों का गंदा पानी पाइपलाइन में मिल रहा है। इससे लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

वार्डवासियों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और लीकेज की मरम्मत कराने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar