छत्तीसगढ़

कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है : केदार कश्यप

रायपुर, 25 जून 2026


वन मंत्री केदार कश्यप ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास जनता से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह निराधार आरोप लगाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

आपातकाल के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र का गला घोंटते हुए आपातकाल थोपा था। उन्होंने कहा कि उस दौरान लोकतंत्र की आवाज उठाने वाले हजारों लोगों, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेल में डालकर प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को लोकतंत्र के संघर्ष, उसके महत्व और उसकी रक्षा के दायित्व के बारे में जानकारी होना आवश्यक है।

कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि दलहन और तिलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रति हेक्टेयर 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। साथ ही इन फसलों की खरीद की प्रभावी व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कांग्रेस के दावों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में स्वास्थ्य व्यवस्था घोटालों और अव्यवस्थाओं का प्रतीक रही। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वन मंत्री ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, घोटालों और जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने का रहा है। इसके विपरीत विष्णुदेव साय सरकार सुशासन, पारदर्शिता, किसानों के कल्याण और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब तथ्यों और विकास कार्यों के आधार पर निर्णय ले रही है, इसलिए कांग्रेस के आरोपों का कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar