छत्तीसगढ़

होटल अमृतसरी सील, 1 लाख का जुर्माना: बाथरूम के पास रखी मिली बिरयानी, किचन में भारी गंदगी

रायपुर, 16 जून 2026

नगर निगम ने शहर के घड़ी चौक स्थित होटल अमृतसरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया है। निगम ने होटल संचालक पर 1 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। यह कार्रवाई स्वच्छता नियमों के गंभीर उल्लंघन और वर्षों से निगम का बकाया नहीं चुकाने के कारण की गई।

निगम की संयुक्त टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में होटल परिसर में कई गंभीर खामियां पाई गईं। जांच के दौरान भारी गंदगी, सड़क पर संचालित किचन, अस्वास्थ्यकर वातावरण में भोजन तैयार करना और बाथरूम से सटे स्थान पर बिरयानी रखे जाने जैसी लापरवाहियां सामने आईं।

अधिकारियों के मुताबिक होटल प्रबंधन को पहले भी कई बार नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार नियमों की अनदेखी और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन को देखते हुए होटल को सील करने का निर्णय लिया गया।

कई वर्षों से बकाया था निगम का राजस्व

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि होटल अमृतसरी कई वर्षों से निगम का बकायादार था। बार-बार नोटिस देने और भुगतान के निर्देशों के बावजूद होटल प्रबंधन ने बकाया राशि जमा नहीं की। इसके बाद राजस्व, स्वास्थ्य, बाजार और नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

बाजारों में भी चला स्वच्छता अभियान

इसी अभियान के तहत जोन-4 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गोलबाजार और मालवीय रोड सहित शहर के प्रमुख बाजारों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 17 दुकानों में गंदगी और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पाए गए, जिसके चलते संबंधित दुकानदारों पर कुल 18 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।

अतिक्रमण करने वालों पर भी कार्रवाई

नगर निवेश विभाग ने सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय संचालित करने वाले करीब 25 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान उनसे 50 हजार रुपए का सड़क बाधा शुल्क वसूला गया। साथ ही कई दुकानदारों को नोटिस जारी कर सड़क पर रखा गया सामान जब्त किया गया।

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। अभियान में उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही, जोन-4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और टीम प्रहरी के सदस्य शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar