प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को मिला ‘हिंदू केसरी’ सम्मान: घर वापसी अभियान को राष्ट्रीय मंच पर सराहना, बोले—सनातन सेवा जारी रहेगी

नई दिल्ली, 30 मई 2026। स्वतंत्रता वीर सावरकर जयंती के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को प्रतिष्ठित “हिंदू केसरी सेवा, सुरक्षा एवं समरसता पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाजसेवा, सनातन संस्कृति संरक्षण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए माय होम इंडिया संगठन द्वारा प्रदान किया गया।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, राष्ट्रवादी संत स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री जयकुमार रावल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया तथा माय होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव लंबे समय से स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव द्वारा शुरू किए गए ऐतिहासिक “घर वापसी अभियान” को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके नेतृत्व में अब तक हजारों धर्मांतरित हिंदुओं की वैदिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के साथ घर वापसी कराकर उन्हें पुनः सनातन संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रतिष्ठित “हिंदू केसरी” सम्मान इससे पहले सुदर्शन न्यूज़ के प्रधान संपादक सुरेश चव्हाणके को भी प्रदान किया जा चुका है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव ने अपना पूरा जीवन सनातन संस्कृति, राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित किया था। उन्हीं के आदर्शों से प्रेरित होकर वे इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और राष्ट्रहित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा सनातन संस्कृति की सेवा, सुरक्षा और समरसता का अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।




