छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर की माटी से निकलेंगी खेल प्रतिभाएं, धरमपुरा में आवासीय खेल अकादमी चयन ट्रायल शुरू

जगदलपुर, 29 मई 2026

बस्तर की धरती से खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जगदलपुर के धरमपुरा खेल परिसर में आवासीय खेल अकादमी बस्तर चयन ट्रायल 2026-27 की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में की गई।

इस चयन ट्रायल में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे 248 प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की मौजूदगी से पूरे खेल परिसर में ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, चयन प्रक्रिया में सबसे ज्यादा रुचि फुटबॉल को लेकर देखने को मिली। कुल खिलाड़ियों में से 137 खिलाड़ियों ने फुटबॉल, 95 खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स और 16 खिलाड़ियों ने तीरंदाजी (आर्चरी) के लिए हिस्सा लिया है।

जिला खेल अधिकारी सुशांत पॉल ने बताया कि छत्तीसगढ़ का पहला आवासीय बालक फुटबॉल अकादमी जगदलपुर में शुरू होने जा रहा है, जो प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा।

चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और उच्चस्तरीय बनाने के लिए देश और राज्य के अनुभवी प्रशिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एथलेटिक्स ट्रायल में द्रोणाचार्य अवॉर्डी और स्टेट सेंटर ऑफ एक्सिलेंस बिलासपुर के हेड कोच जसविंदर सिंह भाटिया, एथलेटिक्स कोच स्नेह यादव और स्टेट एथलेटिक्स कोच हिमांशु चंद्राकर खिलाड़ियों का परीक्षण कर रहे हैं।

वहीं फुटबॉल ट्रायल के लिए रायपुर की फुटबॉल कोच सरिता यादव खिलाड़ियों को परख रही हैं। इसके अलावा आर्चरी के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने और चयन प्रक्रिया में मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी बिंदेश्वरी मरावी और दुर्गेश नंदिनी गोस्वामी संभाल रही हैं।

दूर-दराज के जिलों से आए खिलाड़ियों के लिए जिला प्रशासन द्वारा ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि खिलाड़ी बिना किसी परेशानी के अपने प्रदर्शन पर पूरा ध्यान दे सकें।

इस आवासीय खेल अकादमी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि चयनित खिलाड़ियों को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आधुनिक खेल किट, विशेषज्ञ प्रशिक्षण, अत्याधुनिक खेल सामग्री, साथ ही आवास और पौष्टिक भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे खिलाड़ियों को पेशेवर स्तर का माहौल मिल सकेगा और वे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बस्तर और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar