रिश्वतखोरी पर ACB का बड़ा एक्शन, कोरबा में कर्मचारी गिरफ्तार

कोरबा, 29 मई 2026
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ACB की टीम ने सहायक ग्रेड-2 के बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपए की घूस लेते पकड़ा।
जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल से काम कराने के एवज में आरोपी कर्मचारी ने रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद बिलासपुर ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और समाधान शिविर में ही कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि DSP अजीत सिंह के नेतृत्व में ACB टीम ने अचानक शिविर में दबिश दी और आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद शिविर में अफरा-तफरी और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
रायगढ़ में भी ACB का शिकंजा
इसी तरह रायगढ़ जिले के छाल तहसीलदार कार्यालय में भी ACB ने कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते एक लिपिक को गिरफ्तार किया। आरोपी तुलाराम पटेल पर किसान भानुप्रताप पटेल से खसरा के बी-1 में त्रुटि सुधार के नाम पर 60 हजार रुपए मांगने का आरोप है।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी शिक्षक पद पर कार्यरत बताया जा रहा है, जो तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
ACB अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जरूरी दस्तावेज और साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल ACB की टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।




