छत्तीसगढ़जगदलपुर

राहुल गांधी के बयान पर बवाल: भाजयुमो ने फूंका पुतला, कहा- “संवैधानिक मर्यादाओं का अपमान नहीं होगा बर्दाश्त”

जगदलपुर, 22 मई 2026। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi द्वारा देश के शीर्ष नेतृत्व पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। विरोध स्वरूप भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शहर के आसना चौक पर एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन किया और राहुल गांधी का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिला अध्यक्ष Abhilash Yadav ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बयान को लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताया।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री Narendra Modi एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah के प्रति की गई टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि यह संवैधानिक मर्यादाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति से गरिमामय भाषा और जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है, लेकिन राहुल गांधी ने अपनी टिप्पणी से उस पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम किया है। अभिलाष यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी लगातार स्तरहीन राजनीति कर रही है और देश की जनता ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगी।

भाजयुमो नेताओं ने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणियां लोकतंत्र के लिए उचित नहीं हैं।

विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar