अन्य खबरें

इंस्टाग्राम पर छाई “कॉकरोच जनता पार्टी”, 6 दिन में रिकॉर्ड फॉलोअर्स

नई दिल्ली, 21 मई 2026।
देश में इन दिनों सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) नाम का डिजिटल कैंपेन तेजी से चर्चा में है। मीम्स, व्यंग्य और बेरोजगारी से जुड़े कटाक्षों के जरिए शुरू हुआ यह ऑनलाइन अभियान अब युवाओं के बीच बड़ा ट्रेंड बन चुका है। इंस्टाग्राम पर महज 6 दिनों में इसके 1.1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए हैं। सोशल मीडिया लोकप्रियता के मामले में इसने कई बड़े राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ दिया है।

दरअसल, पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब 15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने एक सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” से की थी। हालांकि अगले ही दिन उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका बयान युवाओं के लिए नहीं था, बल्कि फर्जी डिग्री और सिस्टम में घुसपैठ करने वालों के संदर्भ में दिया गया था।

लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर यह मुद्दा आग पकड़ चुका था। इसी के बाद “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से एक डिजिटल सटायर कैंपेन शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते लाखों युवाओं को अपनी ओर आकर्षित कर लिया।

बताया जा रहा है कि इस अभियान की शुरुआत महाराष्ट्र के 30 वर्षीय अभिजीत डिपके ने की। वह पहले आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम के साथ वॉलंटियर के रूप में काम कर चुके हैं और वर्तमान में अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस की पढ़ाई कर रहे हैं।

“कॉकरोच जनता पार्टी” खुद को “आलसी और बेरोजगारों की आवाज” बताती है। पार्टी का मजाकिया नारा —
“Secular, Socialist, Democratic, Lazy” — सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पार्टी की सदस्यता के लिए भी व्यंग्यात्मक अंदाज में चार योग्यताएं बताई गई हैं—

  • बेरोजगार होना
  • आलसी रहना
  • हमेशा ऑनलाइन रहना
  • प्रोफेशनली भड़ास निकालना

यही वजह है कि इंस्टाग्राम, X और Reddit जैसे प्लेटफॉर्म्स पर युवाओं के बीच यह कैंपेन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इसके मीम्स और पोस्ट खासकर बेरोजगारी, सिस्टम और राजनीतिक माहौल पर कटाक्ष करते नजर आते हैं।

हालांकि “कॉकरोच जनता पार्टी” कोई आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं है और न ही इसे चुनाव आयोग से मान्यता मिली है। यह पूरी तरह एक ऑनलाइन सटायर ग्रुप है। बावजूद इसके, इसकी लोकप्रियता ने यह जरूर दिखा दिया है कि युवाओं में बेरोजगारी और व्यवस्था को लेकर नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया, बल्कि युवाओं की भावनाओं और असंतोष को व्यक्त करने का बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुका है। “कॉकरोच जनता पार्टी” उसी डिजिटल नाराजगी का नया प्रतीक बनकर सामने आई है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar