छत्तीसगढ़जगदलपुर

अमित शाह दौरे पर कांग्रेस का हल्ला बोल, 14 सूत्रीय मांगों को लेकर निकला प्रतिनिधिमंडल रोका गया

जगदलपुर , 19/05/26 । केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के बस्तर दौरे के दूसरे दिन जगदलपुर में राजनीतिक माहौल गरमा गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष Deepak Baij के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल 14 सूत्रीय मांगों को लेकर गृह मंत्री से मिलने जा रहा था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें बीच रास्ते में रोक दिया।

कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन में विधायक लखेश्वर बघेल, पूर्व विधायक मोहन मरकाम, रेखचंद जैन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बस्तर के विकास और स्थानीय मुद्दों को लेकर विपक्ष की बात सुनने का अवसर नहीं दिया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस भी बस्तर के विकास को लेकर गंभीर है और मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में विपक्ष के सुझावों को शामिल किया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बैठक केवल औपचारिकता बनकर रह गई है और इसमें जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा नहीं हो रही।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाना उचित नहीं है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आगे बढ़ने से रोक दिया।

गौरतलब है कि जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बैठक में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar