छत्तीसगढ़ में 12 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश, स्कूल-कॉलेज के साथ सरकारी दफ्तर और बैंक भी रहेंगे बंद

रायपुर,11 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में 12 अगस्त 2026 को हरेली पर्व के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। साय सरकार ने इस दिन प्रदेशभर में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। अवकाश के चलते स्कूल-कॉलेज, सरकारी कार्यालय और बैंक समेत कई संस्थान बंद रहेंगे।
हरेली छत्तीसगढ़ का प्रमुख पारंपरिक और कृषि पर्व है। यह पर्व सावन माह की अमावस्या को मनाया जाता है। हरेली का अर्थ हरियाली से जुड़ा है। बारिश के मौसम में जब प्रदेश की धरती हरियाली से ढक जाती है, तब किसान इस पर्व को उत्साह और परंपरागत तरीके से मनाते हैं।
कृषि औजारों की होती है पूजा
हरेली पर्व पर किसान अपने कृषि उपकरणों जैसे हल, नांगर, कुदाली, फावड़ा और गैंती को साफ कर उनकी पूजा करते हैं। पूजा के बाद कृषि औजारों को धूप-दीप दिखाकर नारियल और गुड़ के चीले का भोग लगाया जाता है।
इस अवसर पर पशुधन के स्वास्थ्य की भी विशेष कामना की जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं को औषधीय सामग्री खिलाने की परंपरा है। कई स्थानों पर वन क्षेत्रों से लाई गई जड़ी-बूटियों का उपयोग भी किया जाता है।
गेड़ी चढ़ने की परंपरा
हरेली पर्व के साथ गेड़ी चढ़ने की परंपरा भी विशेष रूप से जुड़ी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवारों द्वारा गेड़ी तैयार की जाती है और बच्चे व युवा इस पर चढ़कर पर्व का आनंद लेते हैं।
हरेली के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में भी विशेष आयोजन किए जाने की जानकारी है। प्रदेशभर में लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हरेली पर्व मनाएंगे।




