
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की मौजूदगी में निकली विशाल रैली, मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर मांगा विजय आशीर्वाद
जगदलपुर , 18/05/26 । इंदिरा वार्ड में होने जा रहे पार्षद पद उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी मनोहर दत्त तिवारी ने सोमवार को गाजे-बाजे और सैकड़ों समर्थकों के साथ विशाल रैली निकालकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव विशेष रूप से रैली में शामिल हुए।
नामांकन दाखिले के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी मनोहर दत्त तिवारी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर निर्वाचन अधिकारी सीपी बघेल के समक्ष दो सेट में नामांकन पत्र जमा किया। उनके प्रस्तावक महेन्द्र कुमार सोनी और राजकुमार तिवारी रहे।
भाजपा की नामांकन रैली महावीर भवन के सामने से शुरू होकर इंदिरा वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों और मुख्य मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। नामांकन दाखिल करने से पहले मनोहर दत्त तिवारी ने मांईजी श्री दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और विजय का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर मनोहर दत्त तिवारी ने कहा कि इंदिरा वार्ड का योजनाबद्ध विकास और वार्डवासियों की छोटी-बड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने वार्ड के नागरिकों से विजयी आशीर्वाद मिलने का भरोसा जताते हुए भाजपा संगठन के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
नामांकन रैली में बस्तर सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, महापौर संजय पाण्डेय, रामाश्रय सिंह, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, रजनीश पाणिग्रही, परीस बेसरा, आर्येंद्र सिंह आर्य, योगेन्द्र पाण्डेय, ललिता बघेल, सफीरा साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद रहे।




