बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने और न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जांच की मांग की है। मामला बेलगहना थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान दीक्षा कुशवाहा उर्फ पुनीता के रूप में हुई है। वह अपने ससुराल में रह रही थी। बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष ने परिजनों को सूचना दी कि दीक्षा की पलंग से गिरने के कारण मौत हो गई है। इस सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया और मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि दीक्षा को लंबे समय से ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक, मौत से पहले दीक्षा ने अपने भाई को फोन कर अपनी परेशानी बताई थी। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो दिनों से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था, जिससे उन्हें पहले से ही किसी अनहोनी की आशंका थी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने दीक्षा से बात कराने की कोशिश की तो उसके ससुर ने बात कराने से इनकार कर दिया। कुछ देर बाद ही उन्हें दीक्षा की मौत की सूचना दी गई। ऐसे में परिवार ने पूरे मामले में साजिश की आशंका जताई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




