मदर्स डे पर उजड़ गई मां की दुनिया: पचधारी डेम में डूबने से युवक की मौत

रायगढ़। मदर्स डे के दिन रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोवर्धनपुर स्थित पचधारी डेम में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया। सबसे दर्दनाक दृश्य तब देखने को मिला जब बेटे का शव देखकर मां बेसुध हो गई और उसे उठाने की कोशिश करते हुए फूट-फूटकर रोने लगी। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 25 वर्षीय अजय सिदार के रूप में हुई है, जो रियापाली गांव का रहने वाला था और NTPC लारा में कार्यरत था। रविवार को छुट्टी होने के कारण अजय अपने चार दोस्तों के साथ पचधारी डेम घूमने और नहाने गया था। इसी दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े 6 बजे युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पचधारी डेम में हर साल डूबने के कई मामले सामने आते हैं। प्रशासन द्वारा यहां नहाने पर प्रतिबंध संबंधी चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन लोग लापरवाही बरतते हुए नियमों को नजरअंदाज कर देते हैं। गर्मी और छुट्टी के दिनों में यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है, लेकिन लोगों की लापरवाही कम नहीं हो रही। एक बार फिर हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




