देश-विदेश

पश्चिम बंगाल में नई सरकार का गठन आज : सुवेंदु अधिकारी बनेंगे मुख्यमंत्री, शपथ समारोह में जुटेंगे पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेता

कोलकाता, 09 मई 2026। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद आज शनिवार को नई सरकार के गठन का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए सुवेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह समारोह कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित किया जा रहा है, जहां भारी सुरक्षा और भव्य तैयारियां की गई हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री भी कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं, जिससे यह समारोह राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बन गया है।

शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। बैठक में आठ विधायकों ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद उनके नाम पर मुहर लग गई। गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की।

शपथ ग्रहण से पहले सुवेंदु अधिकारी ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। वहीं, कोलकाता और कोंताई सहित कई इलाकों में समर्थकों के बीच जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है।

भाजपा नेताओं का दावा है कि नई सरकार के गठन के साथ पश्चिम बंगाल में “विकास और सुशासन” की नई शुरुआत होगी, जबकि विपक्षी दलों की ओर से इस राजनीतिक बदलाव पर कड़ी प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है।

नई सरकार के गठन के साथ ही राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar