भालू का आतंक: तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीण पर हमला, इलाके में दहशत

महासमुंद:
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में इन दिनों जंगली भालू का आतंक बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला सिंगारपुर, लारीपुर और बड़े लोरम के जंगल से सामने आया है, जहां तेंदूपत्ता तोड़ने गए एक ग्रामीण पर भालू ने अचानक हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सिंगारपुर गांव निवासी विशेष कुमार प्रधान जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गया था। इसी दौरान भालू ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे पहले स्वास्थ्य केंद्र सांकरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे पिथौरा रेफर कर दिया गया।
वन विभाग ने की मदद
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल ग्रामीण को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। इस घटना के बाद सिंगारपुर, लारीपुर और आसपास के गांवों में डर का माहौल बना हुआ है।
कुत्तों का भी आतंक
जिले में सिर्फ भालू ही नहीं, बल्कि आवारा और पागल कुत्तों का भी खतरा बढ़ गया है। जामपाली और जंघोरा गांवों में एक पागल कुत्ते ने आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को काटकर घायल कर दिया है। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में चल रहा है।
ग्रामीणों में दहशत
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




