छत्तीसगढ़नारायणपुर

नारायणपुर से शुरू हुई बस्तर तिरंगा यात्रा, नक्सल प्रभावित इलाकों में गूंजा शांति और विकास का संदेश

नारायणपुर, 12 अगस्त 2026

बस्तर में शांति, एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर बुधवार को नारायणपुर जिला मुख्यालय के हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से बस्तर तिरंगा यात्रा 2026 का शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने बाइक पर तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। विभिन्न समाज प्रमुखों ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

यात्रा में शामिल बच्चों से दोनों मंत्रियों ने मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने विकास का बिगुल फूंकते हुए बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का संदेश दिया।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचेगा तिरंगा

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि यह यात्रा उन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, जहां पहले नक्सली घटनाओं का प्रभाव रहा है। यात्रा के माध्यम से देश और दुनिया को यह संदेश दिया जाएगा कि इन क्षेत्रों में अब नक्सलवाद समाप्त हो चुका है

उन्होंने कहा कि नारायणपुर का चयन विशेष उद्देश्य से किया गया है, क्योंकि यह जिला लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। 12 अगस्त से शुरू हुई यात्रा 14 अगस्त को बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराने के साथ समाप्त होगी।

बस्तर के 90 से अधिक गांवों में पहली बार लहराएगा तिरंगा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में माओवाद के खिलाफ प्रभावी नीति अपनाई गई है। उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च 2026 को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार राज्य के साथ-साथ देश से नक्सलवाद समाप्त किया गया।

उन्होंने कहा कि अब हर राष्ट्रीय पर्व और स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर के कोने-कोने में तिरंगा पूरी आन, बान और शान से लहराएगा। जनवरी 2024 से अब तक बस्तर के अनेक दुर्गम गांवों में राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वजारोहण किया गया है। इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा।

श्री शर्मा ने कहा कि तिरंगा फहरने का अर्थ है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखा संविधान अब राज्य के कोने-कोने तक प्रभावी रूप से लागू होगा।

बस्तरवासी अब खुद को स्वतंत्र महसूस कर रहे : विजय शर्मा

गृह मंत्री ने कहा कि बस्तर के अलग-अलग गांवों में जाने पर लोग कहते हैं कि वे अब सही मायनों में स्वतंत्र महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रीय पर्वों पर माओवादियों की ओर से काला झंडा लगाने के फरमान दिए जाते थे, जबकि आज हर घर में तिरंगा नजर आ रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर को नक्सलवाद से मुक्ति दिलाने में बस्तरवासियों के मनोबल और जवानों के अदम्य साहस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब समय आ गया है कि दुनिया बस्तर को नए रूप में जाने। उन्होंने कहा कि बस्तर के लोग नया इतिहास लिखने वाले हैं।

सड़क, शिक्षा और रोजगार पर सरकार का जोर

श्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में अब लोगों को मूलभूत सुविधाएं, विकास कार्य और सुरक्षा का वातावरण मिल रहा है। शासन सड़क, शिक्षा, कौशल विकास, लघु वनोपज के प्रसंस्करण और रोजगार के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है।

उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कहा कि निर्माण कार्यों में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शहादत वाली मिट्टी से बनेगा स्मारक

वन मंत्री एवं नारायणपुर विधायक श्री केदार कश्यप ने कहा कि कभी नक्सल गतिविधियों का केंद्र रहे क्षेत्रों से आज तिरंगा यात्रा निकल रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा उन स्थानों की मिट्टी एकत्र करेगी, जहां जवानों और नागरिकों ने शहादत दी है। इस मिट्टी का उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

तीन दिनों में बस्तर के संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरेगी यात्रा

12 से 14 अगस्त तक चलने वाली यह यात्रा बस्तर के अति-संवेदनशील और लंबे समय तक माओवाद प्रभावित रहे इलाकों से होकर गुजरेगी।

पहले दिन यात्रा नारायणपुर से मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई, कन्हारगांव, कड़ेनार, बोदली, सातधार और बारसूर होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची।

दूसरे दिन यात्रा दंतेवाड़ा से सुकमा और बीजापुर जिले के विभिन्न नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

तीसरे दिन यात्रा बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी और ताड़पाला होते हुए कर्रेगुट्टा पहाड़ी पहुंचेगी, जहां तिरंगा फहराकर यात्रा का समापन किया जाएगा।

इस अवसर पर लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, जनप्रतिनिधि राहुल टिकरिया, श्रीमती संध्या पवार, कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन, एसपी श्री संदीप कुमार पटेल, जिला पंचायत सीईओ, डीएफओ सहित बड़ी संख्या में युवा और नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar