देश-विदेश

टैंकर जब्ती पर बढ़ा तनाव: ईरान ने अमेरिका को ‘समुद्री डाकू’ कहा, 19 लाख बैरल तेल जब्त होने से विवाद गहराया

हिंद महासागर में ईरानी तेल ले जा रहे दो टैंकरों की जब्ती को लेकर अमेरिका और ईरान आमने-सामने आ गए हैं। अमेरिकी सेना की इस कार्रवाई पर ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “खुले समुद्र में सशस्त्र डकैती” और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कदम समुद्री डकैती को वैध ठहराने जैसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि अमेरिकी अधिकारी कानूनी वारंट के नाम पर गैरकानूनी लूट को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं, अमेरिकी पक्ष ने इस कार्रवाई का बचाव किया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, अदालत से अनुमति मिलने के बाद “मैजेस्टिक एक्स” और “टिफानी” नामक टैंकरों को रोका गया। दोनों जहाजों में करीब 19 लाख बैरल ईरानी तेल लदा था। अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध तेल नेटवर्क को रोकने और प्रतिबंधों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए की गई।

इस घटनाक्रम के बीच अमेरिका ने वैश्विक कंपनियों को चेतावनी भी दी है कि यदि वे ईरानी एयरलाइंस को किसी प्रकार की सेवा देती हैं, तो उन्हें सख्त प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।

गौरतलब है कि यह विवाद ऐसे समय में बढ़ा है जब होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में पहले से ही तनाव बना हुआ है। यह मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। हालिया घटनाओं ने समुद्री सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अंतरराष्ट्रीय चिंता और बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar