“सुशासन एक्सप्रेस पहुंच रही नारायणपुर के अंतिम छोर तक, दूरस्थ गांवों में मिल रही शासन सेवाएं” — वन मंत्री केदार कश्यप

नारायणपुर, 27 अप्रैल 2026/ वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नारायणपुर जिले में संचालित सुशासन एक्सप्रेस पहल राज्य सरकार की जन-केन्द्रित और सेवा-उन्मुख सोच का मजबूत उदाहरण बन रही है। उन्होंने बताया कि भौगोलिक दुर्गमता और सुरक्षा चुनौतियों के कारण जो ग्रामीण लंबे समय तक प्रशासनिक सेवाओं से वंचित थे, अब शासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं का लाभ दे रहा है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह मोबाइल सेवा इकाई सुदूर और आंतरिक गांवों में पहुंचकर आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति एवं आय प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध करा रही है। इससे ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है और समय व संसाधनों की बचत भी हो रही है।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से नियद नेल्ला नार क्षेत्र जैसे दुर्गम इलाकों में इस पहल का सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है, जहां बड़ी संख्या में हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ मिला है। आधार अपडेट, पेंशन, मनरेगा जॉब कार्ड और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं अब गांव-गांव तक पहुंच रही हैं।
केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। सुशासन एक्सप्रेस इसी लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल सेवा वितरण को आसान बना रही है, बल्कि क्षेत्र में विकास और प्रशासनिक विश्वास को भी मजबूत कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के नवाचारों से नारायणपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में सुशासन की अवधारणा और अधिक मजबूत होगी तथा हर नागरिक को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।




