
जगदलपुर | 23 अप्रैल 2026
जगदलपुर। बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और लोक आस्था के प्रतीक मड़ई उत्सव की रौनक इन दिनों ग्रामीण अंचलों में देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में बकावंड ब्लॉक के ग्राम कोर्टा झिटकागुड़ा पारा में आयोजित भव्य मड़ई कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप अपने परिवार सहित शामिल हुए।
सांसद महेश कश्यप ने ग्राम के आराध्य देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और ग्रामवासियों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बस्तर के ग्राम देवी-देवता यहां की संस्कृति के आधार स्तंभ हैं और मड़ई जैसे आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
मड़ई उत्सव के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा माहौल भक्तिमय और उत्सवमय हो गया। सांसद ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा भी की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वनवासी मौर्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडेय, गंजामी बघेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




