अग्निवीर भर्ती-युवाओं को सेना में भर्ती हेतु मिलेगी निःशुल्क कोचिंग : 4 मई से शुरू होगा विशेष प्रशिक्षण, 4 जून तक चलेगा अभियान

जगदलपुर, 21 अप्रैल 2026। भारतीय थल सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देख रहे जिले के युवाओं के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र जगदलपुर के अनुसार जून 2026 में प्रस्तावित अग्निवीर सेना भर्ती परीक्षा को ध्यान में रखते हुए पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है।
यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 4 मई से शुरू होकर 4 जून तक संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को लिखित परीक्षा की तकनीकी जानकारी, परीक्षा पैटर्न और तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना है, ताकि वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस वर्ष बस्तर जिले से कुल 620 अभ्यर्थियों ने थल सेना की वेबसाइट पर सफल पंजीकरण कराया है। इन सभी अभ्यर्थियों की तैयारी को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने यह पहल की है। निःशुल्क कोचिंग के लिए 30 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक उम्मीदवार रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट ww.erojgar.cg.gov.in पर जाकर या विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड स्कैन करके ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस प्रशिक्षण का लाभ केवल उन्हीं युवाओं को मिलेगा जिनके पास रोजगार कार्यालय का वैध पंजीयन और अग्निवीर थल सेना भर्ती 2026 का आधिकारिक पंजीकरण क्रमांक उपलब्ध होगा।




