देश-विदेश

इंडोनेशिया में 7.6 तीव्रता का भूकंप: एक की मौत, मलेशिया-फिलीपींस तक सुनामी अलर्ट से हड़कंप

इंडोनेशिया के उत्तरी मोलुका सागर क्षेत्र में गुरुवार सुबह 7.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भूकंप के झटके इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्सों में जोरदार तरीके से महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस आपदा में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

भूकंप के तुरंत बाद इंडोनेशिया, मलेशिया और फिलीपींस के तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप का केंद्र फिलीपींस के तट से लगभग 580 किलोमीटर दक्षिण और मलेशिया के सबा क्षेत्र से करीब 1000 किलोमीटर दूर समुद्र में स्थित था।

स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:48 बजे आए इस भूकंप की गहराई लगभग 10 किलोमीटर बताई जा रही है, जिससे सुनामी का खतरा बढ़ गया। बिटुंग और टेरनेट जैसे शहरों में 10 से 20 सेकंड तक तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के आधे घंटे के भीतर ही कुछ निगरानी केंद्रों पर समुद्री लहरों की गतिविधि दर्ज की गई।

इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा एजेंसी ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन आफ्टरशॉक्स (झटकों) की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। शुरुआती रिपोर्ट्स में कई घरों और एक चर्च को आंशिक नुकसान होने की बात सामने आई है।

गौरतलब है कि इंडोनेशिया भूकंप और सुनामी के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। साल 2004 में आए विनाशकारी सुनामी में हजारों लोगों की जान चली गई थी। इसी वजह से इस बार प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए राहत और बचाव टीमें अलर्ट मोड पर रखी हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar